The Duniyadari: कोरबा। होली के पावन एवं उल्लासपूर्ण पर्व के अवसर पर दर्री रोड स्थित स्वर्ण सिटी, कोरबा में 4 मार्च 2026, बुधवार को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सान्निध्य में संपन्न होगा।
प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह होली मिलन समारोह सर्वसाधारण के लिए खुला रहेगा। आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति अपेक्षित है।
कार्यक्रम के दौरान रंग-गुलाल के साथ पारंपरिक होली गीत-संगीत और आत्मीय मिलन के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता को मजबूत करने का मंच भी है।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कोरबावासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
































