Tuesday, March 3, 2026
Home कोरबा होली और रमज़ान ईद से पहले कोरबा में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन,...

होली और रमज़ान ईद से पहले कोरबा में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, शांति बनाए रखने की अपील

11

The Duniyadari: कोरबा, 02 मार्च। आगामी होली और रमज़ान ईद के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च किया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले और कटघोरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में जिला मुख्यालय तथा विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने सघन मार्च निकाला।

जिला मुख्यालय में मार्च की शुरुआत कोतवाली थाना क्षेत्र से की गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी इलाके तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना था।

इसी क्रम में कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त एवं वाहन रैली निकाली। ध्वनि यंत्रों के माध्यम से लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, जबरन रंग डालने, नशे में वाहन चलाने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शांतिपूर्वक त्योहार मनाने वाले नागरिकों के साथ पुलिस पूरी तरह सहयोगात्मक रवैया अपनाएगी।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जिले में लगातार निगरानी और विशेष अभियान जारी रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति, भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाकर प्रशासन का सहयोग करें।