The Duniyadari: कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय छात्रा ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल छा गया।
मृत छात्रा की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है। वह शहर के सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह मोगरा थाना में पदस्थ आरक्षक रजपाल सिंह कंवर की भांजी थी और पिछले कुछ समय से अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मामा के निवास पर रह रही थी। मूल रूप से वह अमरपुर, कटघोरा क्षेत्र की रहने वाली थी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट और छात्रा का मोबाइल फोन मिला है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट की सामग्री फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें पारिवारिक, शैक्षणिक और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल शामिल है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी विशेषज्ञ से बात करना जरूरी है। समय रहते मदद लेना ही सबसे बड़ा सहारा साबित हो सकता है।
































