Tuesday, March 3, 2026
Home बिलासपुर गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होली समारोह के दौरान दो गुटों में फिर...

गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होली समारोह के दौरान दो गुटों में फिर भिड़ंत, वीडियो वायरल

10

The Duniyadari: बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) के परिसर में होली उत्सव के दौरान एक बार फिर छात्रों के दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि महज चार दिन पहले भी विश्वविद्यालय में होली कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को कैंपस में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने डीजे और साउंड सिस्टम के साथ छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल उड़ाते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ छात्र नशे की हालत में थे और रंग लगाने के दौरान एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। बात बढ़ते-बढ़ते कपड़े फाड़ने और हाथापाई तक पहुंच गई। एक ओर जहां डीजे की धुन पर डांस जारी था, वहीं दूसरी ओर दोनों गुटों के बीच लात-घूंसे चलते रहे। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

इससे पहले विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के होली मिलन कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कुछ छात्रों ने जबरन स्टेज पर जाने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई थी।

ताजा घटना कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फिलहाल कैंपस में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।