Friday, March 13, 2026
Home Breaking RPF की तत्परता: बीमार यात्री को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

RPF की तत्परता: बीमार यात्री को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

12

The Duniyadari: राजनांदगांव- रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और मानवीय पहल के चलते एक बीमार यात्री को समय रहते उपचार मिल सका।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत राजनांदगांव स्टेशन पर यह घटना सामने आई, जहां ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री की मदद की।

जानकारी के मुताबिक नागपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष और राजनांदगांव स्टेशन मास्टर से सूचना मिली कि ट्रेन नंबर 18029 डाउन एक्सप्रेस के कोच एस-03 में सफर कर रहे 22 वर्षीय यात्री उज्ज्वल कुभंकर की अचानक तबीयत खराब हो गई है। उज्ज्वल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं और यात्रा के दौरान उनकी हालत बिगड़ने से सहयात्रियों में चिंता बढ़ गई थी।

सूचना मिलते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन और पोस्ट प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद सहायक उप निरीक्षक मीनू कुमार और प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवाड़ ने अन्य रेल कर्मचारियों के सहयोग से यात्री को सुरक्षित नीचे उतारा।

एम्बुलेंस के पहुंचने में देरी को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल निर्णय लेते हुए डायल 112 के माध्यम से वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद उज्ज्वल कुभंकर को उनके साथी के साथ शासकीय अस्पताल पेंड्री, राजनांदगांव ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है, क्योंकि समय पर मिली सहायता से यात्री को राहत मिल सकी।