The Duniyadari: सारंगढ़। शहर से लगभग 6 किलोमीटर दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते मिल परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा। पास से गुजर रहे राहगीरों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिल परिसर में धान के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे और वहां मौजूद सूखे भूसे ने आग को तेजी से फैलने में ईंधन का काम किया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि आग की तीव्रता और मिल परिसर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में जलाई जा रही पराली की चिंगारी से आग भड़क सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है। मिल के कर्मचारी और आसपास के लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। वहीं जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी केजरी राइस मिल पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही हो सकेगा।




























