Sunday, March 15, 2026
Home Breaking जिला जेल बैकुण्ठपुर का तिमाही निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और भोजन की...

जिला जेल बैकुण्ठपुर का तिमाही निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की जांच

19

The Duniyadari: कोरिया- जिले के बैकुण्ठपुर स्थित जिला जेल का शुक्रवार को प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों ने तिमाही निरीक्षण किया। यह निरीक्षण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश पारीक के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे भी शामिल रहे।

निरीक्षण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों तथा उच्चतम न्यायालय में सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया प्रकरण में दिए गए आदेशों के पालन में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर का विस्तृत अवलोकन करते हुए बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बंदियों के बैरकों, शौचालयों और परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। निरीक्षण दल ने जेल में संचालित लीगल एड क्लिनिक का भी अवलोकन कर वहां मिलने वाली कानूनी सहायता और सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और यह सुनिश्चित किया कि उन्हें समय पर विधिक सेवाएं मिल रही हैं तथा उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हो रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत डिस्ट्रिक्ट विजिटर्स बोर्ड और प्राधिकरण द्वारा प्रत्येक तिमाही में जेल का निरीक्षण किया जाता है, ताकि बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतिक्षा अग्रवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अमृता दिनेश मिश्रा सहित विजिटर बोर्ड के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।