Friday, March 13, 2026
Home Breaking गांजा बेचने की फिराक में दो युवक गिरफ्तार, 1.1 किलो मादक पदार्थ...

गांजा बेचने की फिराक में दो युवक गिरफ्तार, 1.1 किलो मादक पदार्थ जब्त

10

The Duniyadari: रायपुर- अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। थाना गोबरा नवापारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जौंदा धरसा रोड स्थित पंप हाउस के पास दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि दो युवक पंप हाउस के पास गांजा रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर थाना गोबरा नवापारा प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सागर साहू और कुंदन विश्वकर्मा बताए, जो ग्राम जौंदी के निवासी हैं।

तलाशी के दौरान उनके पास रखी बोरी से पॉलिथीन में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 1 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सोमन सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक रणजीत साहू, आरक्षक हुलास साहू, आरक्षक टीकम साहू और आरक्षक तिवारी प्रसाद खूंटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।