The Duniyadari: बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रसेड़ी में संचालित एक उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके से चावल से भरे एक वाहन को जब्त कर लिया गया। पूरे मामले की जांच खाद्य विभाग द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान के संचालक द्वारा हितग्राहियों को तय मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था। लोगों का कहना है कि बचा हुआ चावल इकट्ठा कर उसे बाहर बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने दुकान के सामने एक वाहन में बड़ी मात्रा में चावल लोड होते देखा, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
मामले की जानकारी तुरंत ग्राम सरपंच को दी गई। सूचना मिलते ही सरपंच ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को वहीं रोक दिया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 50 से अधिक बोरियों में चावल भरा मिला।
इसके बाद सरपंच ने पूरे घटनाक्रम की सूचना खाद्य विभाग को दी। जानकारी मिलते ही खाद्य निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने सरपंच और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए तथा प्रारंभिक जांच के बाद चावल से लदे वाहन को जब्त कर लिया।
खाद्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर यदि गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















