The Duniyadari: दंतेवाड़ा। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बास्तानार घाट के पास नेशनल हाईवे-63 पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैल गई कि पूरी कार आग की लपटों में घिरकर धू-धू कर जलने लगी।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर अचानक हुई इस घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ हालात को संभालने में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।















