Monday, March 16, 2026
Home Breaking अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, रसीद काटकर वसूली करने वाला हिरासत...

अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, रसीद काटकर वसूली करने वाला हिरासत में

12

The Duniyadari: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित जुनवानी इलाके में सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ पर चल रही अवैध पार्किंग के खिलाफ देर रात पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर चौकी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कई वाहनों पर ई-चालान किया, वहीं कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से फुटपाथ पर वाहन खड़े कर लोगों से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि वहां बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हैं और पार्किंग के नाम पर बाकायदा रसीद काटकर पैसे लिए जा रहे थे। चारपहिया वाहनों से करीब 60 रुपए और दोपहिया से 20 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक वह नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति पार्किंग संचालित कर लोगों से पैसे वसूल रहा था। इस मामले में स्मृति नगर चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है।

इधर पुलिस ने मॉल प्रबंधन से भी पूछताछ की। मॉल के मैनेजर विनोद सिंह ने बताया कि मॉल परिसर के अंदर पार्किंग की अलग व्यवस्था है और बाहर फुटपाथ पर चल रही पार्किंग से मॉल प्रबंधन का कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस का कहना है कि नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति इस तरह पार्किंग चलाना पूरी तरह गैरकानूनी है।