The Duniyadari: बिलासपुर- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। यात्रियों की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) और कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
यह विशेष ट्रेन 23 मार्च से 28 मार्च तक संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन 63 स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए यात्रियों को सेवा देगी। पूरी यात्रा में करीब 14 घंटे 30 मिनट का समय लगेगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 06883 इतवारी से सुबह 5 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 06884 कोरबा से सुबह 5:10 बजे चलकर शाम 7:30 बजे इतवारी पहुंचेगी।
डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन खास तौर पर लाभदायक रहेगी। इतवारी से चलने वाली ट्रेन सुबह 9:06 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और 9:11 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वहीं कोरबा से आने वाली ट्रेन दोपहर 1:41 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी, जहां 5 मिनट के ठहराव के बाद यह फिर इतवारी के लिए रवाना होगी।
नवरात्रि के दौरान इस विशेष ट्रेन के संचालन से मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा और भी सुगम हो सकेगी।















