Monday, March 23, 2026
Home Breaking बड़ा हादसा टला: शादी से लौट रही कार में लगी आग, 7...

बड़ा हादसा टला: शादी से लौट रही कार में लगी आग, 7 लोग बाल-बाल बचे

21

The Duniyadari: मुंगेली- छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बारात से लौट रही एक XUV700 कार में अचानक आग लग गई, लेकिन गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी 7 लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां रविवार रात शादी की रस्में पूरी हुईं। सोमवार सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन और अन्य लोग कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वाहन से धुआं उठता नजर आया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी और जांच करने लगा। देखते ही देखते कार में आग तेजी से फैलने लगी और धुएं के कारण अंदर बैठे लोगों को कुछ दिखाई देना बंद हो गया। ऐसे में सभी यात्रियों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।