Saturday, April 4, 2026
Home Breaking नगरपालिका में बढ़ा विवाद: पार्षद ने CMO पर लगाए धमकी और अभद्रता...

नगरपालिका में बढ़ा विवाद: पार्षद ने CMO पर लगाए धमकी और अभद्रता के आरोप, कॉल रिकॉर्डिंग वायरल

8

The Duniyadari: बलरामपुर- बलरामपुर नगरपालिका में इन दिनों सियासी माहौल गर्म हो गया है। एक पार्षद द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रणव राय के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया है। पार्षद ने एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करते हुए अधिकारी पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद गौतम सिंह ने दावा किया है कि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज सीएमओ प्रणव राय की है, जिसमें जनप्रतिनिधियों से आपत्तिजनक लहजे में बातचीत की गई है। पार्षद का कहना है कि अधिकारी लगातार जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज कर रहे हैं और दबाव बनाकर काम कराने की कोशिश करते हैं।

गौतम सिंह ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने सीएमओ के खिलाफ शिकायत की हो। इससे पहले भी कई बार उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अपनी ही सरकार में जनप्रतिनिधियों की सुनवाई नहीं होना चिंताजनक है।

इधर, इस पूरे मामले पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रणव राय ने सफाई देते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वायरल किया गया ऑडियो उनका नहीं है और किसी ने जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है।

वायरल कॉल रिकॉर्डिंग के सामने आने के बाद नगरपालिका में सियासी हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच के बाद सच्चाई क्या सामने आती है।