Saturday, April 4, 2026
Home Breaking कांग्रेस में मारपीट का मामला: जिला उपाध्यक्ष 6 साल के लिए निष्कासित

कांग्रेस में मारपीट का मामला: जिला उपाध्यक्ष 6 साल के लिए निष्कासित

11

The Duniyadari: महासमुंद में कांग्रेस भवन के भीतर हुई मारपीट की घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। पार्टी ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला उपाध्यक्ष विजय साव को 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी कार्यालय में हुई मारपीट की घटना कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ है और इससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है। साथ ही विजय साव को जारी कारण बताओ नोटिस का निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर यह कड़ी कार्रवाई की गई।

दरअसल, दो दिन पहले कांग्रेस भवन में महंगाई को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी, जिसमें जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने मीडिया को संबोधित किया। प्रेस वार्ता खत्म होने के बाद सूचना देने को लेकर जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कांग्रेस कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और तीनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में प्लास्टिक की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर फेंकी गईं, जिससे तीनों के कपड़े तक फट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विजय साव को छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।