The Duniyadari: कोरबा- मानिकपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों ने पीड़िताओं से पहले दोस्ती की, फिर विवाह का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला बालको क्षेत्र से जुड़ा है। जयपुर निवासी 24 वर्षीय शैलेष गढ़वाल अपने रिश्तेदार के यहां रहकर एक निजी दफ्तर में काम करता था। उसी कार्यालय में बालको क्षेत्र की एक युवती भी कार्यरत थी। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच पहचान बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि शैलेष ने युवती को शादी का भरोसा दिया और उसके साथ दैहिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती भी हो गई, लेकिन आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। प्रसव के बाद आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं दूसरा मामला भी बालको क्षेत्र का ही है। यहां रहने वाली एक युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र में रहने वाले प्रशांत साहू से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकी हो गई। आरोप है कि प्रशांत ने भी शादी का वादा कर युवती के साथ दैहिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।















