Thursday, April 9, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार पिकअप का कहर: मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की...

तेज रफ्तार पिकअप का कहर: मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की मौत, चालक फरार

16

The Duniyadari: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को तेज रफ्तार पिकअप कैंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:15 बजे गौरेला सारबहरा रोड निवासी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सैर के लिए निकली थीं। आईटीआई सेमरा के पास मेन रोड पर चलते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप कैंपर (MP 21 G 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पास में खड़ी बस से जा टकराया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया है।

इस दुर्घटना में वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, कैंपर वाहन कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रहा था। फरार चालक लल्लू की तलाश जारी है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।