The Duniyadari: कोरबा- जिले के दर्री क्षेत्र में स्थित बीपीपी प्लांट की बाउंड्री वॉल के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अरुण निषाद, पिता स्वर्गीय किशोर निषाद, निवासी दर्री फर्टिलाइजर बस्ती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरुण अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह स्थानीय लोगों ने पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा युवक की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।















