Sunday, April 12, 2026
Home Breaking कक्षा 7 के छात्र को पीटने वाली शिक्षिका गिरफ्तार, सुनने की क्षमता...

कक्षा 7 के छात्र को पीटने वाली शिक्षिका गिरफ्तार, सुनने की क्षमता प्रभावित होने का आरोप; एक अन्य टीचर फरार

6

The Duniyadari: राजनांदगांव-  जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 7वीं के छात्र से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में छात्र के दोनों कानों में गंभीर चोट आने से उसकी सुनने की क्षमता प्रभावित होने की बात सामने आई है। मामले में शामिल दूसरी शिक्षिका अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 2 अगस्त 2025 का है। डोंगरगढ़ के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 7वीं का छात्र सार्थक सहारे क्लास में उपस्थित था। इसी दौरान क्लास टीचर नम्रता साहू ने छात्रों को एसएसटी की किताब निकालने को कहा। छात्र द्वारा पुस्तक निकालने में थोड़ी देर होने पर शिक्षिका ने इसकी शिकायत इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह से की।

बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह ने छात्र के दोनों कानों पर जोर से थप्पड़ मार दिए, जिससे छात्र को गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के बाद भी उसकी सुनने की क्षमता प्रभावित बनी रही।

घटना से नाराज़ परिजनों ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 117(2), 117(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक अंकिता के निर्देश पर एएसपी कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ के मार्गदर्शन में मामले की जांच की गई। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह (45 वर्ष), निवासी केदारबाड़ी वार्ड क्रमांक 3, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वहीं, मामले में शामिल दूसरी शिक्षिका नम्रता साहू फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।