The Duniyadari: रायपुर के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर मॉल की पार्किंग से इनोवा कार गबन करने के मामले में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से लगभग 9 लाख रुपये कीमत की इनोवा (ओडी 15 ए 5089) बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, सुरजीत सिंह चावला, निवासी संबलपुर, 18 अप्रैल 2026 को परिवार के साथ रायपुर घूमने आए थे। दोपहर करीब 2 बजे उनके बेटे ने वाहन पार्किंग टिकट लेकर कार की चाबी मॉल के कर्मचारी को सौंप दी। कुछ देर बाद लौटने पर पार्किंग से वाहन गायब मिला।
जांच के दौरान पता चला कि पार्किंग में काम करने वाला कर्मचारी मनीष साहू ही कार लेकर फरार हो गया। वाहन के साथ कार में रखा पर्स, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और करीब 15 हजार रुपये नकद भी गायब थे। इस मामले में देवेन्द्र नगर थाना में अपराध क्रमांक 61/26 के तहत धारा 316(2) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए स्मृतिक राजनाला और उमेश प्रसाद गुप्ता ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने मॉल के कर्मचारियों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी के भागने का रास्ता चिन्हित किया गया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अंततः आरोपी को इनोवा वाहन सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी कई वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में लगभग 10 दोपहिया चोरी, पंडरी क्षेत्र में वाहन चोरी, तथा सरस्वती नगर और माना थाना में भी उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद वाहन जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।















