Monday, April 20, 2026
Home Breaking नदी में नहाने गए पांच दोस्तों पर टूटा कहर, दो युवकों की...

नदी में नहाने गए पांच दोस्तों पर टूटा कहर, दो युवकों की डूबने से मौत

15
Oplus_16908288

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पिकनिक मनाने गए पांच दोस्तों में से दो की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना छातागढ़ पिकनिक स्पॉट की है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त घूमने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने नदी में नहाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि किसी को भी तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद सभी युवक पानी में उतर गए। नहाने के दौरान दो युवक अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जहां पानी की गहराई करीब 10 से 12 फीट बताई जा रही है। गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21 वर्ष) और मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों कैलाश नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं बाकी तीन दोस्त किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकल आए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया और रात करीब 8 बजे दोनों युवकों के शव नदी से बरामद किए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

छातागढ़ पिकनिक स्पॉट इन दिनों लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। दुर्ग मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित इस क्षेत्र में प्राचीन मनोकामना सिद्धपीठ हनुमान मंदिर भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। हरियाली और नदी किनारे शांत वातावरण के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग पिकनिक और फोटोग्राफी के लिए पहुंचते हैं।

हालांकि इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेराबंदी और निगरानी की व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि गहरे पानी में बिना जानकारी और सुरक्षा उपायों के न उतरें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।