Sunday, April 26, 2026
Home Breaking मंदिर समिति की बैठक में बवाल: हिसाब-किताब को लेकर विवाद, युवक से...

मंदिर समिति की बैठक में बवाल: हिसाब-किताब को लेकर विवाद, युवक से मारपीट और धमकी

9

The Duniyadari: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित बोरियाखुर्द में खल्लारी माता मंदिर समिति की बैठक उस समय विवाद में बदल गई.

जब कुछ लोगों ने बैठक के दौरान मंदिर के आर्थिक लेन-देन का हिसाब मांगा।

शनिवार सुबह करीब 7 बजे मंदिर परिसर में चल रही बैठक में यह मामला इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज, मारपीट और धमकी तक की नौबत आ गई।

शिकायतकर्ता, जो बीए फाइनल ईयर का छात्र और समिति का सचिव बताया जा रहा है, ने आरोप लगाया कि बोरियाखुर्द के कुछ लोग बैठक में पहुंचे और जबरन हिसाब-किताब की मांग करने लगे।

युवक के अनुसार, जब उसने कहा कि वे समिति के सदस्य नहीं हैं और उन्हें जानकारी नहीं दी जा सकती, तो आरोपी भड़क गए।

आरोप है कि इसके बाद विवाद उग्र हो गया और आरोपियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। युवक के मुताबिक, कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को देखा, जिन्हें गवाह बताया जा रहा है। पीड़ित का यह भी कहना है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा, तब भी आरोपियों ने वहां हंगामा किया और उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।

पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और गवाहों से भी पूछताछ की जाएगी।

शुरुआती जांच में मामला मंदिर समिति के अंदरूनी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। इलाके में स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और जल्द ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।