The Duniyadari: गरियाबंद– जिले में तस्करी का अनोखा मामला सामने आया है। मोहतरा-अतरमरा के बीच फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में गांजे से भरे पैकेट बहते हुए देखे गए। खेत में गांजा उगना आम है, लेकिन नहर में बहता गांजा देखकर ग्रामीण हैरान रह गए।
सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से एक-एक कर 17 पैकेट बरामद किए। पुलिस के अनुसार, सभी पैकेट में कुल 68 किलो से ज्यादा गांजा भरा है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
आशंका है कि तस्करों ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए नहर में माल फेंक दिया। यह नेशनल हाईवे-130 से महज 5 किमी दूर की घटना है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि तस्करों तक पहुंचा जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि नहर के जरिए गांजा फेंकने का यह पहला मामला है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं तस्करी का यह कोई नया तरीका तो नहीं बन रहा।















