The Duniyadari: Bilaspur स्थित गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भगवान राम और अन्य महापुरुषों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण में कड़ा रुख अपनाते हुए चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, लॉ डिपार्टमेंट के कुछ छात्रों द्वारा सोशल प्लेटफॉर्म पर भगवान राम, डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। जैसे ही यह मामला सामने आया, यूनिवर्सिटी परिसर में विरोध शुरू हो गया। विभिन्न संगठनों और खासकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विवाद बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए चार छात्रों—तूफानचंद्र नायक, अंशुमान सिंह, कौश्तुभमणि पांडे और प्रियांशु सिंह—के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने धारा 299, 196, 353(1C), 115 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही को लेकर यूनिवर्सिटी की सुरक्षा प्रभारी सीमा राय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे जवाब मांगा गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की गई है, जो घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि इस विवाद से जुड़ा एक चैट भी सामने आया था, जिसके बाद मामला और भड़क गया। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और परिसर में शांति बनाए रखने के प्रयास कर रहा है।















