Wednesday, April 29, 2026
Home Breaking छात्रों की जीत पर CM साय ने खोला सफलता का राज, कहा-...

छात्रों की जीत पर CM साय ने खोला सफलता का राज, कहा- मेहनत और समर्पण से ही बनती है बात

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर– मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा में पास हुए सभी छात्रों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीएम साय ने बताया कि इस साल हाईस्कूल में 77.15 फीसदी और हायर सेकेंडरी में 83.04 फीसदी छात्र सफल हुए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार का बड़ा संकेत बताया और इसका श्रेय शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों की मेहनत को दिया।

*बेटियों के प्रदर्शन पर जताई खुशी*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। छात्राओं ने टॉपर्स लिस्ट में जगह बनाकर साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं। यह न सिर्फ उनकी मेहनत का नतीजा है, बल्कि समाज में शिक्षा को लेकर बढ़ती जागरूकता का भी सबूत है।

*वनांचल के बच्चों ने बढ़ाया मान*

सीएम ने दूरदराज और वनांचल इलाकों के छात्रों की तारीफ की। कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले बच्चे पूरे प्रदेश के लिए मिसाल हैं। इससे साफ है कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, हौसला चाहिए।

मुख्यमंत्री ने छात्रों से अपील की कि वे अपनी काबिलियत का इस्तेमाल देश और प्रदेश के विकास में करें। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में युवा पीढ़ी की भूमिका अहम होगी।

जो छात्र उम्मीद के मुताबिक नंबर नहीं ला पाए, उन्हें सीएम ने हिम्मत न हारने की सलाह दी। कहा कि असफलता अंतिम नहीं होती। लगातार कोशिश और सकारात्मक सोच से मंजिल जरूर मिलेगी। आप सभी परिवार, समाज और छत्तीसगढ़ का गौरव हैं।