Wednesday, May 6, 2026
Home Breaking लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर ने किया इंस्टाग्राम लाइव; सिगरेट पीते दिखा, CCTV-थाना प्रभारी...

लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर ने किया इंस्टाग्राम लाइव; सिगरेट पीते दिखा, CCTV-थाना प्रभारी कक्ष भी दिखाया

12

The Duniyadari: Bilaspur- सकरी थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लॉकअप में बंद हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में आरोपी लॉकअप के अंदर सिगरेट पीते हुए खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बता रहा है।

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे “जय माता दी” नाम के इंस्टाग्राम पेज से लाइव वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें विक्की पांडेय के साथ तीन अन्य आरोपी भी लॉकअप में नजर आ रहे हैं। आरोपी ने लाइव के दौरान लॉकअप के अंदर का नजारा, CCTV कैमरे और थाना प्रभारी के कक्ष तक की तस्वीरें दिखाईं।

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सकरी पुलिस को घेर लिया। कई लोगों ने आरोपी को “पुलिस का स्पेशल मेहमान” और “जिगरी दोस्त” बताते हुए मिलीभगत का आरोप लगाया।

नियम के मुताबिक लॉकअप में डालने से पहले आरोपी की पूरी तलाशी ली जाती है। मोबाइल, सिगरेट जैसी चीजें ले जाना सख्त मना है। इसके बावजूद आरोपी के पास मोबाइल और सिगरेट पहुंचना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।

मामला सामने आने के बाद बिलासपुर पुलिस हरकत में आई है। एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। लॉकअप में मोबाइल कैसे पहुंचा और लाइव किसने करने दिया, इसकी पड़ताल की जा रही है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।