The Duniyadari: भानुप्रतापपुर- प्रदेश में ठेकेदारों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अंतागढ़-नारायणपुर सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों पर लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी के साथ घर में घुसकर मारपीट और गालीगलौज का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक अंतागढ़ से नारायणपुर तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। किसी बात को लेकर ठेकेदारों और PWD कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेकेदार कर्मचारी के घर तक पहुंच गए और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की।
वायरल वीडियो में ठेकेदारों की दबंगई साफ नजर आ रही है। एक सरकारी कर्मचारी के साथ घर में घुसकर इस तरह की हरकत से पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना के बाद PWD कर्मचारियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने भी ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत मिलने के बाद जांच की बात कही जा रही है।















