The Duniyadari: Raipur- राजधानी में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बारात के बीच भाजपा नेता ऋतुपर्ण सिंह, मोनिका सिंह और उनके परिजन लंबी बंदूक से हवा में फायर करते दिख रहे हैं। समारोह में कई लोग बारी-बारी से एक ही बंदूक का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।
वायरल फुटेज के एक हिस्से में एक बच्चे के हाथ में भी बंदूक दिखाई दे रही है। बच्चे ने फायरिंग की या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। लेकिन भीड़ के बीच हथियार का इस तरह इस्तेमाल सुरक्षा नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो पुलिस तक भी पहुंच गया है। फुटेज में बड़ी संख्या में बाराती और मेहमान मौजूद हैं और खुलेआम भीड़ के बीच फायरिंग की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी थी या नहीं।
मामला राजनीतिक परिवार से जुड़ा होने के कारण चर्चा में है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर जांच कर सकती है। लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस मामले में क्या कानूनी कार्रवाई करती है। हर्ष फायरिंग आर्म्स एक्ट का उल्लंघन है और इसमें गिरफ्तारी तक का प्रावधान है।















