The Duniyadari: रायपुर- राजधानी के शंकर नगर-लोधीपारा रोड स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की रात बड़ी चोरी हो गई। दो नकाबपोश चोर बाइक से पहुंचे और कटर से शटर का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए। करीब 30 मिनट में सोने के गहने बैग में भरकर फरार हो गए।
रविवार को दुकान बंद होने से वारदात का पता सोमवार सुबह लगा। शटर खुलते ही दुकान मालिक वंश मरपानी के होश उड़ गए। सूचना पर नॉर्थ जोन के अफसर और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी में दोनों आरोपी बेखौफ चोरी करते दिखे हैं। चोरी गए सोने की कीमत करीब 90 लाख आंकी गई है।
खास बात यह रही कि चोरों ने चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को छुआ तक नहीं। कॉम्प्लेक्स में 24 घंटे गार्ड तैनात रहता है और पास में आरोग्य अस्पताल होने से रातभर आवाजाही रहती है, फिर भी किसी को भनक नहीं लगी।
*डॉग स्क्वॉड ने दी लीड, एक आरोपी गिरफ्तार*
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। डॉग दुकान से सीधे डेढ़ किमी दूर गांधी नगर-काली नगर की तरफ जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। देर रात कालीनगर से एक पुराने चोर को पकड़ा गया। उसके पास से चोरी का कुछ सोना भी मिला है।
पूछताछ में उसने साथी के साथ मिलकर चोरी करना कबूला है। दोनों आदतन अपराधी हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं। आरोपी मूल रूप से ओडिशा के हैं और कालीमाता वार्ड में किराए से रह रहे थे। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि उसके पकड़े जाने पर और वारदातों का खुलासा होगा।















