Sunday, September 13, 2026
Home Breaking गर्लफ्रेंड को लेकर खूनी संघर्ष: 20 साल के युवक की चाकू मारकर...

गर्लफ्रेंड को लेकर खूनी संघर्ष: 20 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 घायल; पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

64

The Duniyadari: दुर्ग-  कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात गर्लफ्रेंड से बात करने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की जान चली गई। केजू राइस मिल के पास 5 युवकों ने राजीव नगर निवासी 20 वर्षीय जितेश ठाकुर पर हमला कर दिया। चाकू लगने से जितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत नाजुक है और उसे आरोग्यं हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इलाके की घेराबंदी की। आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के बाद सुबह तक पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

*पूछताछ में कबूला जुर्म*

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड से बात करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बहस इतनी बढ़ी कि उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।