The Duniyadari: राजनांदगांव- जिले के गैंदाटोला स्थित शराब दुकान को लेकर गांवों में दो फाड़ हो गए हैं। दुकान बंद कराने की मांग को लेकर लुलीकसा, लोनाटोला और कोयलारी समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोग गुरुवार सुबह से धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
*गांवों में बंटे सुर*
गैंदाटोला के लोग शराब दुकान के संचालन के समर्थन में हैं। उनका कहना है कि दुकान से राजस्व मिलता है और यहीं सुविधा रहनी चाहिए। वहीं लुलीकसा, लोनाटोला और कोयलारी के ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान के कारण गांवों का माहौल खराब हो रहा है। युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है।
*प्रशासन से लिखित शिकायत*
तीनों गांवों के लोगों ने पहले प्रशासन को लिखित आवेदन देकर दुकान बंद करने की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर अब धरना शुरू कर दिया। उधर, कुछ दिन पहले गैंदाटोला के रहवासियों ने खुलकर दुकान चलाने की सहमति दी थी।
*पुलिस की बढ़ी उलझन*
एक ही इलाके में समर्थन और विरोध के चलते पुलिस के लिए हालात संभालना मुश्किल हो रहा है। धरने को देखते हुए गैंदाटोला में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारी ग्रामीणों से बात कर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश में जुटे हैं।















