The Duniyadari: धमतरी– कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश चौक इलाके में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोहल्ले के ही एक युवक ने 17 वर्षीय किशोर पर तेजाब से हमला कर दिया। किशोर का चेहरा, सीना और पैर बुरी तरह झुलस गए। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
*घर के पास खड़े किशोर पर हमला*
स्थानीय लोगों के मुताबिक किशोर गणेश चौक के पास अपने घर के करीब खड़ा था। तभी मोहल्ले का एक युवक आया और अचानक उस पर तेजाब फेंक दिया। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और परिजनों को खबर दी।
*जिला अस्पताल से रायपुर रेफर*
घायल किशोर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा, रायपुर रेफर कर दिया। चेहरे, सीने और पैर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है।
*आरोपी की तलाश में दबिश*
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हमलावर पड़ोसी की पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हमले की वजह अब तक साफ नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















