The Duniyadari: KORBA– Amit Shah और Vishnu Deo Sai ने रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के तहत आधुनिक पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत कोरबा जिले को 22 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन मिले हैं, जिनसे जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था और मजबूत होगी।
प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए 400 से ज्यादा हाईटेक डायल-112 वाहन और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई हैं। कोरबा पहुंचे नए वाहन जिले के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तेजी से मौके तक पहुंच सके।
नई गाड़ियों में GPS ट्रैकिंग, स्मार्टफोन, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी उन्नत सुविधाएं दी गई हैं। इन तकनीकों की मदद से कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग, घटनास्थल की रीयल-टाइम जानकारी और तेज संचार व्यवस्था संभव हो सकेगी।
डायल-112 सेवा के जरिए सड़क हादसे, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा समेत हर तरह की आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। नागरिक अब सिर्फ कॉल ही नहीं, बल्कि SMS, व्हाट्सएप, ईमेल, वेब पोर्टल, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी मदद मांग सकेंगे।
कोरबा जिले की ओर से 24 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नई तकनीक और संसाधनों के जरिए आम लोगों को पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।















