The Duniyadari: रायगढ़ जिले के छातामुड़ा बाईपास रोड पर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कबाड़ी गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आसपास का पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया। आग की तेज़ी को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आग जिस गोदाम में लगी उसके समीप ही एक बड़ी मोटरसाइकिल एजेंसी मौजूद है। खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के कई शोरूम, दुकानों और प्रतिष्ठानों को खाली कराया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि प्रयास बेअसर साबित हुए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता के कारण उपलब्ध संसाधन कम पड़ने लगे। इसके बाद प्रशासन ने एनटीपीसी लारा और जिंदल स्टील एंड पावर से अतिरिक्त दमकल वाहन और टीमों की मदद मांगी। देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।















