Thursday, August 13, 2026
Home Breaking पत्नी की आंखों के सामने बुझ गई जिंदगी: कुएं में गिरने से...

पत्नी की आंखों के सामने बुझ गई जिंदगी: कुएं में गिरने से युवक की मौत, बचाने की कोशिश रही नाकाम

53

The Duniyadari: मरवाही जिले के पिपरिया गांव में एक हृदयविदारक हादसे में 38 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह रात में भोजन के बाद हाथ-पैर धोने के लिए कुएं से पानी निकाल रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे कुएं में जा गिरा।

मृतक की पहचान हेमलाल टांडिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वेंकटनगर से लौटने के बाद अपने घर के पास स्थित कुएं पर गया था। कुएं में गिरने के बाद उसने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई। उसकी पुकार सुनकर पत्नी मौके पर पहुंची और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।

ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद दो युवक कुएं में उतरे और हेमलाल को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी के सामने हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।