The Duniyadari: Raigarh जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने औद्योगिक इकाई से हुई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एनआरवीएस स्टील लिमिटेड के स्क्रैप यार्ड से चोरी किए गए एस.एस. स्क्रैप पाइप को बरामद कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी हैं।
पुलिस के मुताबिक, कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पता चला कि स्क्रैप यार्ड से करीब 300 किलो एस.एस. पाइप गायब हैं, जिनकी कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये आंकी गई। शिकायत दर्ज होने के बाद थाना पूंजीपथरा की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी जानकारी व मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। प्लांट के भीतर खराब पाइपों को फ्लाई ऐश में छिपाकर पहले ट्रेलर के जरिए बाहर निकाला गया। बाद में उन्हें दूसरे वाहन में लोड कर तराईमाल जंगल क्षेत्र में छिपा दिया गया था। आरोपियों की योजना मौका मिलने पर चोरी का माल बेचकर रकम बांटने की थी।
पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप और परिवहन में इस्तेमाल की गई ईको वाहन को जब्त किया गया।
पुलिस ने कुल 9.08 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में चोरी के साथ-साथ संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।















