Monday, June 8, 2026
Home Breaking जमानत मिलते ही निकाला शक्ति प्रदर्शन, स्टंटबाजी कर बनाई रील; 9 आरोपी...

जमानत मिलते ही निकाला शक्ति प्रदर्शन, स्टंटबाजी कर बनाई रील; 9 आरोपी फिर पहुंचे जेल

9

The Duniyadari: बलौदाबाजार जिले में जमानत पर रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद नौ युवकों का सड़क पर शक्ति प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। कारों और बाइकों के काफिले के साथ निकाली गई रैली, स्टंटबाजी और सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने के आरोप में पुलिस ने सभी को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, 5 जून की रात जेल से रिहा हुए आरोपियों ने भाटापारा शहर के कल्याण सागर वार्ड स्थित तालाब पार रोड क्षेत्र में वाहनों का काफिला निकालकर जमकर हुड़दंग मचाया। वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती कारों की खिड़कियों से बाहर लटकते और स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। रैली के दौरान पटाखे फोड़े गए और कुछ लोगों ने आरोपियों का फूल-मालाओं से स्वागत भी किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रैली में शामिल युवकों ने राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया और इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी साझा किया गया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आदित्य साहू, सागर धीवर, मनीष धृतलहरे उर्फ सूर्या, वसीम अली, संतोष उर्फ छोटू मनहरे, सागर यादव, आशीष ध्रुव, हेमंत भाट और ओम ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले से मारपीट, सार्वजनिक शांति भंग करने और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके थे। इस नए मामले में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर फिर से जेल भेज दिया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जमानत मिलने का अर्थ कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने, शक्ति प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया के जरिए दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।