Tuesday, June 9, 2026
Home Breaking राजधानी में बढ़ते अपराधों पर पुलिस सख्त, चाकूबाजी-लूट रोकने बनेगी स्पेशल टीम

राजधानी में बढ़ते अपराधों पर पुलिस सख्त, चाकूबाजी-लूट रोकने बनेगी स्पेशल टीम

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur में लगातार सामने आ रही मारपीट, चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में संतोषी नगर के गोकुल नगर क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने पीड़िता को घर से घसीटकर पीटा और घर में स्थापित तुलसी माता की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया। घटना की शिकायत के बाद टिकरापारा पुलिस जांच में जुट गई है।

इधर, शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में चाकूबाजी, लूटपाट और संगठित अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर ने अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने क्राइम शाखा को एक विशेष टीम गठित कर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान विभिन्न थानों और जोनों के कामकाज का भी मूल्यांकन किया गया, जिसमें कुछ आंकड़ों में विसंगतियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार कर रिपोर्ट दोबारा प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। साथ ही साइबर अपराध, एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों, चिटफंड धोखाधड़ी और आर्थिक अपराधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नशे और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार के लिए खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाएगा। अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनकी जब्ती की प्रक्रिया भी तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद पिछले पांच महीनों की उपलब्धियों और चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।