Wednesday, June 10, 2026
Home Breaking गायब कर्मचारी पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया बर्खास्त

गायब कर्मचारी पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया बर्खास्त

14

The Duniyadari: Sarguja जिले में लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से नदारद चल रहे शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक ग्रेड-03 सूरज कुमार भगत को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया है। विभागीय जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

बताया गया है कि सूरज कुमार भगत शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़, विकासखंड उदयपुर में पदस्थ थे। वे मार्च 2021 से लगातार बिना किसी पूर्व अनुमति और सूचना के कार्यस्थल से अनुपस्थित चल रहे थे। उनकी अनुपस्थिति को लेकर विभाग ने कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए। साथ ही समाचार पत्रों के माध्यम से भी उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उन्होंने संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच के दौरान उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कर्मचारी ने लंबे समय तक अनधिकृत रूप से ड्यूटी से दूरी बनाए रखी और अनुपस्थिति के संबंध में कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किया।

जांच रिपोर्ट में आरोप प्रमाणित होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया। विभाग का कहना है कि सरकारी सेवा में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।