The Duniyadari: Raigarh जिले के पुसौर विकासखंड स्थित ग्राम लिंजीर में केलो सिंचाई परियोजना के तहत प्रस्तावित नहर निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया। खेत के बीच से नहर निकाले जाने का विरोध कर रहे एक किसान ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान रविशंकर गुप्ता लंबे समय से अपनी कृषि भूमि से नहर निर्माण का विरोध कर रहे थे। गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान किसान ने आपत्ति जताते हुए वैकल्पिक मार्ग से नहर निकालने की मांग रखी।
परिजनों का आरोप है कि परियोजना के लिए पहले ही किसान की कई एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है, जिससे उनकी खेती प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि शेष जमीन भी नहर निर्माण में जाने से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। इसी तनाव और प्रशासनिक कार्रवाई से व्यथित होकर किसान ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।















