Friday, June 12, 2026
Home Breaking राजधानी में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी समीक्षा, विजिबल पुलिसिंग...

राजधानी में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी समीक्षा, विजिबल पुलिसिंग और रात्रि गश्त पर रहेगा विशेष फोकस

11
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन पुलिस ने व्यापक रणनीति तैयार की है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराधों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी लगातार दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील इलाकों में निगरानी और रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बैंक, एटीएम, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और नई गश्त व्यवस्था लागू करने पर भी चर्चा हुई, जिससे किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई। थाना स्तर पर उनकी निगरानी बढ़ाने, नियमित हाजिरी सुनिश्चित करने तथा चाकूबाजी, नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शराब दुकानों, अहातों, होटल-लॉज, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाने पर बल दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

महिला सुरक्षा, बाल अपराधों और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस उपायुक्त ने जांच में तेजी लाने और पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में भी सतर्कता बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि बस्तियों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की लगातार जांच की जाएगी। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के प्रति सौम्य, सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा विभागीय अनुशासन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, एसीपी पूर्णिमा लामा समेत नॉर्थ जोन के सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने तय रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।