Friday, June 12, 2026
Home Breaking बस्तर में करोड़ों के मादक पदार्थ होंगे खाक, तीन दिन चलेगा नष्टीकरण...

बस्तर में करोड़ों के मादक पदार्थ होंगे खाक, तीन दिन चलेगा नष्टीकरण अभियान

7

The Duniyadari: जगदलपुर– बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मादक पदार्थों के नष्टीकरण की तैयारी पूरी कर ली है। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के निर्णय के अनुसार 15 से 17 जून तक विशेष अभियान चलाकर करीब 2234.648 किलोग्राम गांजा और 65 बोतल नशीली सिरप को नष्ट किया जाएगा। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए मादक पदार्थों को नगरनार स्थित एनएमडीसी के भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के सुरक्षित निपटान के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर यह कदम उठाया गया है। नष्टीकरण की प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों और समिति के सदस्यों की निगरानी में संपन्न होगी तथा प्रत्येक चरण का विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 15 जून को 772.482 किलोग्राम गांजा और 65 नशीली सिरप नष्ट की जाएंगी। वहीं 16 जून को 981.198 किलोग्राम तथा 17 जून को 480.968 किलोग्राम गांजा भस्मीकरण संयंत्र में नष्ट किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों और अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी साबित होगी। साथ ही जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति और मादक पदार्थ विरोधी अभियान को भी नई मजबूती मिलेगी। बस्तर पुलिस लगातार गांजा तस्करी और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में जब्ती कर रही है।