The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जोगीसार गांव में एक पागल कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। कुत्ते ने अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर दिया, जिससे 3 बच्चों सहित कुल 6 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं.
ग्रामीणों के मुताबिक कुत्ता बेहद आक्रामक हो गया है और सामने आने वाले लोगों पर बिना उकसावे के हमला कर रहा है। स्थानीय निवासी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि वे अपने मामा के साथ गांव से गुजर रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके मामा की आंख के पास गंभीर चोट आई है।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल में 6 घायल मरीज लाए गए थे, जिनमें 3 बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को भर्ती कर एंटी-रेबीज वैक्सीन समेत आवश्यक उपचार दिया गया है। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पागल कुत्ते को पकड़कर गांव से हटाया जाए, ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े। वहीं डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं तथा बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर रेबीज का टीका लगवाएं।















