The Duniyadari: धमतरी- जिले के मगरलोड क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी पशुहानि का मामला सामने आया है। ग्राम डूमरपाली में शुक्रवार को तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने से 40 पशुओं की जान चली गई। मृत पशुओं में 39 भेड़ें और एक बकरा शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए पशु एक स्थान पर एकत्रित थे, तभी अचानक बिजली गिरने की घटना हुई। हादसे में सभी पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस हादसे से पशुपालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने शासन से उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। वहीं प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उधर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।















