Saturday, June 20, 2026
Home Breaking ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी, APK फाइल खोलते ही खाते से...

ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी, APK फाइल खोलते ही खाते से उड़ाए 2.63 लाख रुपए

9

The Duniyadari: Raipur में साइबर ठगों ने एक निजी वित्त कंपनी के कर्मचारी को अपना शिकार बनाते हुए 2.63 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। ठग ने आरटीओ के ई-चालान का झांसा देकर मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल भेजी, जिसे खोलते ही पीड़ित के बैंक खाते से रकम पार हो गई।

जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर मोवा निवासी 35 वर्षीय आशीष वर्मा हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 6 जून की दोपहर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ ई-चालान संबंधी संदेश आया। संदेश के साथ भेजी गई एपीके फाइल को उन्होंने वास्तविक चालान समझकर डाउनलोड और ओपन कर लिया।

फाइल खुलने के कुछ ही समय बाद उनके एक्सिस बैंक खाते से 2 लाख 63 हजार 673 रुपये विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आशीष ने आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं साइबर सेल की टीम मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त एपीके फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड न करें, क्योंकि साइबर ठग इसी तरह लोगों को निशाना बना रहे हैं।