The Duniyadari: भिलाई– सेक्टर-4 स्थित एक लंबे समय से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में कॉलेज छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज में अध्ययनरत था।
बताया जा रहा है कि दीपांशु बुधवार की तरह घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित बंद स्कूल परिसर में एक युवक का शव लटका हुआ मिला है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसकी पहचान दीपांशु के रूप में की।
पुलिस को घटनास्थल से एक हस्तलिखित नोट भी मिला है। नोट में भावनात्मक शब्द लिखे गए हैं, लेकिन उसमें किसी व्यक्ति विशेष का उल्लेख या आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। इस कारण मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। उस समय परिवार को यह अंदाजा भी नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकता है। दीपांशु के पिता भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट, मोबाइल फोन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की मानसिक स्थिति, उसके संपर्कों और हाल के घटनाक्रमों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।















