Saturday, June 27, 2026
Home Breaking ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर धमतरी पुलिस का बड़ा शिकंजा, 16 आरोपी गिरफ्तार,...

ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर धमतरी पुलिस का बड़ा शिकंजा, 16 आरोपी गिरफ्तार, 30.98 लाख की संपत्ति जब्त

16
Oplus_16908288

The Duniyadari: Dhamtari- जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 24 जून 2026 तक ऑनलाइन सट्टे के आठ मामलों का खुलासा किया गया। इन मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 30.98 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 मोबाइल फोन, तीन लग्जरी वाहन (XUV700, Ertiga और Tata Nexon), दो स्कूटी सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जांच में FancodeExch, GrandExchange, GoldenExch, BlissExch, CricCode, Reddyanna, All Pannale और All Paynal जैसे ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म का खुलासा हुआ। यह कार्रवाई रूद्री, सिटी कोतवाली और कुरूद थाना क्षेत्रों में की गई।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में एक प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार हुए थे और 65 हजार रुपये जब्त किए गए थे। वर्ष 2024 में दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार हुए तथा 95,995 रुपये की जब्ती हुई। वर्ष 2025 में तीन मामलों में तीन आरोपी पकड़े गए और 3.92 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं वर्ष 2026 में अब तक आठ मामलों में 16 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 30.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

पुलिस का कहना है कि यह सफलता आधुनिक तकनीक, मुखबिर तंत्र, IPDR और CDR विश्लेषण, बैंक खातों की फोरेंसिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों के गहन परीक्षण का परिणाम है। इन्हीं माध्यमों से ऐसे नेटवर्क तक पहुंच बनाई गई, जिन्हें पहले पकड़ पाना बेहद मुश्किल माना जाता था।

आमातालाब रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र और पीजी कॉलेज मैदान समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क की कई परतें सामने आईं। पुलिस का दावा है कि प्रत्येक गिरफ्तारी के साथ नए सुराग मिले और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ती चली गईं।

फिलहाल मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।