The Duniyadari: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई- जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए केसीजी पुलिस ने देर रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। 29 जून की रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चली इस कार्रवाई में थाना खैरागढ़ और गंडई पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त कर निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों और फरार वारंटियों की तलाश की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने खैरागढ़ और गंडई के विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और प्रमुख स्थानों में सघन पेट्रोलिंग की। साथ ही बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थलों की भी गहन जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने निगरानीशुदा अपराधियों, गुंडा बदमाशों और फरार वारंटियों के घरों पर दबिश देकर उनकी मौजूदगी की पुष्टि की। इस दौरान उनके वर्तमान रोजगार और गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
कॉम्बिंग अभियान के दौरान 3 स्थायी वारंटों की तामील की गई। वहीं 9 निगरानीशुदा बदमाशों और 25 गुंडा बदमाशों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून का पालन करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की समझाइश दी गई।
इसके अलावा देर रात बिना किसी ठोस कारण के घूमते मिले लोगों को थाना लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने सभी को भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात बाहर नहीं घूमने की हिदायत दी।
केसीजी पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।















