The Duniyadari: गरियाबंद– जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे-130सी पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सरकड़ा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 19 वर्षीय गेंद विश्वकर्मा, निवासी रजनकट्टा, सड़क किनारे जा गिरा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तिजेश्वर साहू (19) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर की आशंका जताई गई है। पुलिस वाहन की पहचान और चालक का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।















