The Duniyadari: जशपुर- जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड से छत्तीसगढ़ आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जय बालाजी नाम की बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे टांगरपानी गांव के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन पलट गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए होली क्रॉस हॉस्पिटल, कुनकुरी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।















